logo

तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर घर में घुसा, कमरे में सो रहे रिटायर्ड आर्मी जवान की मौत

haiwa1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चाईबासा- टाटा मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गयी है। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी है। बताया जा रहा है कि बादुड़ी गांव में बुधवार की शाम को एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर घर में घुस गया। इस घटना में घर के अंदर खटिया पर सो रहा 75 वर्षीय मनमोहन कुदादा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसकी बहू चांदु कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गयी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक आर्मी से रिटायर थे। वहीं घटना सा आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। 


ड्राइवर नशे में धुत था
घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि अनियंत्रित हाइवा एक मकान को तोड़ते हुए दूसरे घर में जा घुसा। इसकी तेज आवाज से आसपास के लोग सहम उठे। आनन-फानन में अपने घर से लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो पता चला कि एक हाइवा अनियंत्रित होकर घर में घुस गया है। लोगों ने बताया कि हाइवा चालक नशे में धुत था। जिस कारण हाइवा अनियंत्रित होकर घर में जा घुसी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी और भाग रहे चालक को पकड़ लिया। घटना की खबर पाकर हाइवा का मालिक भी मौके पर पहुंचा तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे भी पकड़ लिया।


घर के अंदर रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त 
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि हाइवा जमशेदपुर की तरफ से चाईबासा की ओर आ रहा था। उसी क्रम में यह हादसा हुआ है। घायल महिला को सदर अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई। हादसे में घर के अंदर रखी बाइक, साइकिल के अलावा घर के अंदर रखे अन्य सामान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है।